गिरिडीह जिले में कल रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जहां किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी, वहीं नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। मकतपुर स्थित रानी लक्ष्मीबाई स्कूल के बाहर जलभराव इतना बढ़ गया कि छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को जूते-मौजे हाथ में लेकर, नाली के गंदे पानी में डूबकर स्कूल में प्रवेश करना पड़ा। हैरानी की बात यह है कि स्कूल की दीवार पर नगर निगम द्वारा लिखा गया स्लोगन – “जहां होती नियमित साफ-सफाई, वहां होती अच्छी मन से पढ़ाई”—आज खुद मज़ाक बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूल के मुख्य द्वार के पास बनी बड़ी नाली की सफाई महीनों से नहीं हुई थी, जिससे बारिश के पानी ने सड़क को तालाब में बदल दिया। नतीजतन, कुछ छात्र-छात्राएं गंदे पानी से गुजरते दिखे, तो कुछ ने टोटो और बाइकों की मदद ली। इस नजारे ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या प्रशासन इस समस्या का समाधान करेगा, या फिर छात्र-छात्राएं यूं ही जलभराव से जूझते रहेंगे?













