गिरिडीह नगर निगम के चैताडीह वाटर प्लांट में तकनीकी खराबी आने से चैताडीह, भंडारीडीह, कृष्णा नगर, पचंबा सहित दर्जनों इलाकों में अगले तीन दिनों तक पेयजल आपूर्ति बाधित रहने की संभावना है। सूचना मिलते ही माले नेता राजेश सिन्हा ने वाटर प्लांट पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कर्मियों से जानकारी ली। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम और संबंधित एजेंसी ने लोगों को समय रहते व्यापक सूचना नहीं दी, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राजेश सिन्हा ने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत खंडोली जलापूर्ति से अस्थायी कनेक्शन जोड़ने का प्रयास किया जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने नगर निगम की कार्यशैली, जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा की अनदेखी पर सवाल उठाए। सिन्हा ने उम्मीद जताई कि खराब प्लांट जल्द ठीक होगा, लेकिन भविष्य में स्थायी समाधान के लिए जर्जर पाइपलाइन और जलापूर्ति व्यवस्था का व्यापक आधुनिकीकरण आवश्यक है।












