गिरिडीह। ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सोमवार को गिरिडीह के तेलोडीह पंचायत सचिवालय में जाति, आवासीय एवं जन्म प्रमाणपत्र बनवाने को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपने प्रमाणपत्र से संबंधित आवेदन जमा किए। पंचायत स्तर पर ही सुविधा मिलने से ग्रामीणों को प्रखंड या अन्य कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। शिविर के दौरान CSC संचालकों ने ग्रामीणों के प्रमाणपत्र संबंधी आवेदन ऑनलाइन अपलोड किए और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई।
शिविर में स्थानीय मुखिया शब्बीर आलम, सभी वार्ड प्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने शिविर की व्यवस्था का जायजा लिया और ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ली। पंचायत सचिवालय में ही प्रमाणपत्र निर्माण के लिए आवेदन की सुविधा मिलने से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस तरह के विशेष शिविर आयोजित करने की मांग की।











