Aba News

गावां सीओ के कथित दुर्व्यवहार पर भड़का मुखिया संघ, अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे जनप्रतिनिधि

गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड में अंचल अधिकारी अभिषेक कुमार के कथित अभद्र व्यवहार को लेकर मुखिया संघ ने मोर्चा खोल दिया है। गावां ब्लॉक परिसर में मुखिया संघ के बैनर तले जनप्रतिनिधियों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि सीओ ने बिरने पंचायत के मुखिया चंदन कुमार यादव से बातचीत के दौरान कथित तौर पर तुम-तड़ाक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। जनप्रतिनिधियों ने इस व्यवहार को निर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान के खिलाफ बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई।

धरना स्थल पर मुखिया संघ के अध्यक्ष समेत अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संघ ने स्पष्ट किया कि अंचल अधिकारी जब तक अपने कथित व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर समाधान कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें