गिरिडीह। पवित्र श्रावण मास की चौथी और अंतिम सोमवारी पर गिरिडीह के प्रसिद्ध शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उदनाबाद स्थित दुखहरण नाथ मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लग गई। श्रद्धालु उत्तरवाहिनी उसरी नदी से जल लेकर बाबा भोलेनाथ का अभिषेक करने पहुंचे। अपनी बारी आने पर भक्तों ने गर्भगृह में प्रवेश कर पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया और श्रद्धालु बोल बम तथा हर-हर महादेव के जयकारे लगाते दिखे। शहर के बरगंडा स्थित विश्वनाथ मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी भक्तों का तांता लगा रहा।
वहीं ग्रामीण क्षेत्र के प्रसिद्ध झारखंडधाम में भी अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ देखने को मिली। दैनिक पूजा के बाद सुबह चार बजे आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का पट खोल दिया गया था। इसके बाद बड़ी संख्या में भक्त झारखंडधाम पहुंचे और बाबा भोलेनाथ का अभिषेक किया। मंदिर परिसर में लंबी कतारें देखी गईं। सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और आस्था देखने को मिला। गांव से लेकर शहर तक शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस भी मुस्तैद नजर आई।











