जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पंचनटांड गांव में बुधवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुसकर महिला को बंधक बनाते हुए लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। दो बाइक पर सवार छह अपराधियों ने घर में अकेली मौजूद 38 वर्षीय रीता देवी को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और करीब पांच हजार रुपये नकद समेत सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रीता देवी घर में अकेली थीं। इसी दौरान दरवाजा खुलवाने के बहाने चार से छह युवक घर में घुसे और महिला का मुंह दबाकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अपराधियों ने महिला के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना दिया। इसके बाद घर में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद, सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, पायल और सिकड़ी समेत अन्य जेवरात लूट लिए।वारदात के बाद सभी अपराधी दो बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद महिला किसी तरह घर से बाहर निकली। इस दौरान उनकी सास की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने महिला को बंधन से मुक्त कराया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। गांडेय इंस्पेक्टर कमलेश पासवान, थाना प्रभारी आनंद कुमार सिंह और सदर एसडीपीओ जीत बाहन उरांव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
इंस्पेक्टर कमलेश पासवान ने बताया कि महिला घर में अकेली थी और अपराधियों ने उसे हाथ-पैर बांधकर बंधक बनाया था। बदमाश महिला से नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।











