गिरीडीह जिले के बगोदर-सरिया रोड स्थित नहर के पास मोबाइल टावर से चार AZNA मशीन समेत अन्य तकनीकी उपकरणों की चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन, AZNA मशीन, मोबाइल फोन, औजार और अन्य सामान भी बरामद किया है। वहीं, पुलिस को देखकर दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर खेत की ओर भागने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार 19 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे सरिया रोड स्थित नहर के पास मोबाइल टावर से चार AZNA मशीन, Connector, Mounting Angle, Weatherproofing Housing, Silicon Boot तथा Aome Optical 10G SFP समेत अन्य उपकरण चोरी कर लिए गए थे। टावर के तकनीशियन धीरेन्द्र कुमार द्वारा जांच किए जाने के बाद 21 अगस्त को बगोदर थाना में कांड संख्या 164/26 दर्ज किया गया। मामले में BNS की धारा 305/324(4)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगोदर-सरिया धनंजय राम के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। टीम ने घटना के बाद से जिले के विभिन्न मोबाइल टावरों पर निगरानी शुरू कर दी।
इसी क्रम में 23 अगस्त की रात करीब 12:10 बजे बगोदरडीह ओवरब्रिज के पास पुलिस ने काले रंग की स्कॉर्पियो संख्या JH 10 CY-8957 को रोका। वाहन में दो युवक मिले। तलाशी के दौरान एक AZNA मशीन, चार एलन-की औजार, ग्लब्स, सिम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस की पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि वे चार लोग मिलकर मोबाइल टावरों से मशीन खोलने का काम करते हैं। उन्होंने बगोदर-सरिया रोड स्थित टावर से चार AZNA मशीन खोलने की बात भी स्वीकार की। इसी दौरान पुलिस को देखकर उनके साथ मौजूद दो अन्य युवक वाहन से उतरकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेत की ओर भाग गए। पुलिस ने काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटू यादव (27), पिता स्व. गुड्डन यादव, निवासी खानोडीह, बाघमारा, धनबाद और आनंद रवानी (31), पिता मंशा रवानी, निवासी फुलाईटांड़ बस्ती, थाना मधुबन, धनबाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने स्कॉर्पियो, दो मोबाइल फोन, चार एलन-की औजार, एक ग्लब्स, एक सिम कार्ड समेत अन्य सामान जब्त किया है। छापेमारी दल में एसडीपीओ धनंजय राम, बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित पुलिस एवं अनुसंधान विंग के अधिकारी व जवान शामिल थे। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।











