गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में स्टेडियम के समीप सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब कोल्ड ड्रिंक से लदा एक टोटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दीवार से टकराते हुए करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोटो शहर से पपरवाटांड़ की ओर जा रहा था और उस पर क्षमता से अधिक माल लदा हुआ था। स्टेडियम के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि चालक को केवल मामूली चोटें आईं और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और गड्ढे में गिरे टोटो तथा कोल्ड ड्रिंक के पैकेटों को बाहर निकाला गया। बाद में सामान को दूसरे वाहन में लोड कर गंतव्य के लिए रवाना किया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि अधिक माल लोड होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ा। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर अधिक भीड़ नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।












