गिरिडीह में पीवीटीजी समुदायों के समग्र विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान की शुरुआत की है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव और उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 18 मई से 25 मई 2026 तक जिले के चिन्हित जनजातीय क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत गांव-गांव में विशेष शिविर लगाकर स्वास्थ्य जांच, दस्तावेज सत्यापन, योजनाओं में पंजीकरण, शिकायत निवारण और अधिकारों के प्रति जागरूकता सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। वहीं उप विकास आयुक्त ने इसे जनजातीय परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के तहत 19 से 25 मई तक Beneficiary Saturation Camps, 20 मई को Village Immersion Drive तथा 21 से 23 मई तक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 25 मई को समाहरणालय सभागार में समीक्षा एवं डी-ब्रीफिंग बैठक के साथ अभियान का समापन होगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।













