गिरिडीह जमुआ थाना पुलिस ने दुकान सह मकान में हुई लूटकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि 12 मई की रात जमुआ चौक थाना रोड स्थित बंशी साव की दुकान में दो अपराधी ग्राहक बनकर पहुंचे थे। चावल खरीदने के बहाने दुकान खुलवाने के बाद आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और करीब 50 हजार रुपये नकद तथा सोने की चेन लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्य और जांच के आधार पर पुलिस ने मिर्जागंज निवासी बिनोद कुमार साव, सतगावां थाना क्षेत्र के गुड्डु कुमार लहेरी तथा तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी निवासी नंदकिशोर रविदास उर्फ मन्दु को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। आरोपियों के पास से लूट की रकम का कुछ हिस्सा, घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद वाहनों में पल्सर और होंडा एसपी शाइन बाइक शामिल है। मामले की जानकारी एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने प्रेसवार्ता कर दी।












