गिरिडीह में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) ने 90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष डीएलएसए मार्तण्ड प्रताप मिश्रा के मार्गदर्शन में शुरू इस अभियान के तहत सिविल कोर्ट परिसर से टावर चौक तक प्रभातफेरी निकाली गई। इसमें न्यायिक पदाधिकारी, पैनल अधिवक्ता, मध्यस्थगण और पीएलवी कर्मियों ने भाग लेकर आम लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। अभियान का उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।

अभियान के तहत घर-घर जागरूकता, विधिक सशक्तिकरण शिविर, आईईसी सामग्री वितरण और महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मंडल कारा में बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता देने और उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल भी की जाएगी। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। इसे न्याय तक पहुंच और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।












