गिरिडीह सदर अस्पताल में मरीजों को हो रही परेशानियों और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को अस्पताल का निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न विभागों की स्थिति की जानकारी ली और इसके बाद सिविल सर्जन के साथ बैठक कर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान पोस्टमार्टम के समय पैसे की मांग का मामला सामने आया, जिस पर तत्काल सुधार और सख्त कार्रवाई की बात कही गई।

बैठक में डॉक्टरों की कमी, स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, एम्बुलेंस सेवा, समय पर इलाज और पोस्टमार्टम से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि पहले की तुलना में सुविधाएं बढ़ी हैं, लेकिन जो कमियां हैं उन्हें जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने मरीजों से अपील की कि किसी भी परेशानी की शिकायत सीधे सिविल सर्जन से करें। वहीं सिविल सर्जन ने आश्वासन दिया कि सभी सेवाओं को दुरुस्त किया जाएगा और पोस्टमार्टम के बाद कपड़े समेत आवश्यक सामग्री विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।













