गिरिडीह मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए जारी राज्य की चयनित सूची में गिरिडीह जिले के सर जे.सी. बोस मुख्यमंत्री बालिका उत्कृष्ट विद्यालय का चयन किया गया है। यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है। हरा-भरा और स्वच्छ परिसर, गुणवत्तापूर्ण जल व्यवस्था, हरियाली से सजी क्यारियां और पेड़-पौधे, साथ ही स्वच्छता के उच्चतम मानक, विद्यालय को आदर्श शैक्षणिक वातावरण प्रदान कर रहे हैं। इससे छात्राओं को सुरक्षित और सकारात्मक माहौल मिलता है, जो उनके मानसिक और शैक्षणिक विकास में सहायक है।

विद्यालय की प्राचार्या मुन्ना कुशवाहा ने बताया कि यह चयन शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्राओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यालय स्वच्छता, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता देगा। इस उपलब्धि से पूरा विद्यालय परिवार उत्साहित है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में यह विद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएगा।












