गिरिडीह, 29 सितम्बर: इनर व्हील क्लब ऑफ़ गिरिडीह ने अपने निरंतर और अथक प्रयासों से एक और समाजोपयोगी कार्य करते हुए ओंकारेश्वर शिव शिवालय मंदिर के समीप यात्री शेड का निर्माण कराया। इस शेड का लोकार्पण जिला अध्यक्षा रश्मि गुप्ता ने पूर्व अंतर्राष्ट्रीय इनर व्हील सम्पादिका एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षा प्रभा रघुनन्दन, क्लब अध्यक्षा हेमा दत्ता और अन्य सदस्यों की उपस्थिति में किया।

यह स्थान शहर के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि यहाँ अनेक कोचिंग संस्थान स्थित हैं। साथ ही यह मार्ग मेट्रोस गली से होते हुए छठ पूजा घाट तक जाता है और अरगाघाट को बावनटॉली से जोड़ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, श्रद्धालु और आम नागरिक इस रास्ते से गुजरते हैं। इसके अलावा, यहाँ सुबह-शाम मॉर्निंग वॉक करने वालों की भी भीड़ रहती है। ऐसे में यात्री शेड का निर्माण लोगों को विश्राम और सुविधा प्रदान करेगा।

शेड के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित लोगों ने इनर व्हील क्लब की इस पहल की जमकर सराहना की और कहा कि यह कार्य आमजन के लिए बेहद उपयोगी है। श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों के लिए यह शेड धूप और बारिश से बचाव का स्थान बनेगा और सामाजिक सुविधा का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
लोकार्पण समारोह के दौरान उपस्थित लोगों में इनर व्हील का प्रतीक चिन्ह छपे हुए कपड़े के थैले और मिठाई का वितरण भी किया गया। स्थानीय नागरिकों ने इस अवसर पर खुशी जताई और इनर व्हील क्लब की इस पहल को समाजसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।












