गिरिडीह के शिवम स्टील छड़ फैक्ट्री में सोमवार सुबह ड्यूटी के दौरान मजदूर अरुण मरिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक का घर फैक्ट्री के पास जाम्बाद गांव में था। परिजनों का आरोप है कि ब्लास्ट फर्नेस के पास काम करते समय अरुण की मौत हुई, जिसके विरोध में उन्होंने फैक्ट्री गेट जाम कर मुआवजे की मांग की। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
फैक्ट्री प्रबंधन ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि अरुण नशे की हालत में था और ड्यूटी खत्म कर बाहर निकल रहा था, तभी उसकी मौत हुई। मृतक कई वर्षों से ब्लास्ट फर्नेस डिवीजन में काम कर रहा था। अब सवाल यह उठता है कि मौत के पीछे फैक्ट्री की लापरवाही है या कुछ और? पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।













