Aba News

गिरिडीह में बड़ा हादसा टला, हाई टेंशन तार गिरने से हड़कंप, ग्रामीणों ने दी चेतावनी

गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब जीटी रोड पर हाई टेंशन बिजली का तार अचानक गिर गया। यह घटना गोपालडीह मोड़ के पास हुई, जहां सड़क पर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। करीब 45 मिनट तक तार सड़क पर पड़ा रहा, जिससे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जीटी रोड के दोनों लेन पर यातायात रोक दिया गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना से आक्रोशित होकर बेको पूर्वी के पूर्व मुखिया टेकलाल चौधरी ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतर आए। उन्होंने बताया कि इस इलाके में बिजली के तार लंबे समय से जर्जर हालत में हैं और पिछले साल भी इसी वजह से 5 मवेशियों की मौत हो गई थी। इस बार भी आधे दर्जन लोग बड़ी अनहोनी से बच गए। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर जर्जर तार नहीं बदले गए तो वे सड़क जाम करेंगे। टेकलाल चौधरी का कहना है कि कई बार बिजली विभाग को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही विधायक नागेंद्र महतो ने बिजली विभाग से तुरंत संपर्क साधा, जिसके बाद सड़क से गिरे तार को हटाया गया और यातायात को बहाल किया गया। लेकिन सवाल यह है कि क्या प्रशासन सिर्फ हादसों के बाद ही जागेगा, या फिर किसी बड़ी त्रासदी से पहले कोई ठोस कदम उठाएगा? 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें