गिरिडीह कॉलेज के इग्नू अध्ययन केंद्र में अनियमितता के आरोपों की जांच के लिए इग्नू की टीम सोमवार को कॉलेज पहुंची। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी एबीवीपी ने गिरिडीह कॉलेज के प्राचार्य सह इग्नू अध्ययन केंद्र के निदेशक प्रो एम एन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। आरोप था कि अध्ययन केंद्र में फर्जी इनविजिलेटर की नियुक्ति सहित कई अनियमितताएं हुई हैं।
इन्हीं शिकायतों के आधार पर इग्नू रीजनल सेंटर देवघर ने जांच टीम गठित की। टीम गिरिडीह कॉलेज पहुंची और अध्ययन केंद्र, परीक्षा व्यवस्था और संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की। टीम ने दस्तावेजों, उपस्थिति रजिस्टर और परीक्षा संचालन व्यवस्था का निरीक्षण किया।

साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से भी जानकारी ली।इस बाबत प्राचार्य प्रो एम एन सिंह ने कहा कि उन पर लगे सभी आरोप पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन हैं। उन्होंने कहा कि इग्नू अध्ययन केंद्र का संचालन विश्वविद्यालय के सभी नियमों और दिशा निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है। जांच टीम को सभी आवश्यक दस्तावेज दे दिए गए हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।

फिलहाल इग्नू रीजनल सेंटर देवघर की टीम जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपेगी। अब कॉलेज प्रशासन, छात्र संगठन और छात्रों की नजर जांच रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।











