गिरिडीह। पचम्बा–जमुआ मुख्य मार्ग पर पथलानवाडीह के पास सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है, जिसका पैर टूट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सड़क से हटाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, JH10BV2018 नंबर की इनोवा कार रांची से जमुआ होते हुए गिरिडीह की ओर आ रही थी। इसी दौरान पथलानवाडीह के समीप कार की सामने से आ रही एक बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। बाइक पर तीन लोग सवार थे, जिनमें एक बच्चा भी शामिल था। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार पचम्बा से रामबा की ओर जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अपने वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, बच्चे के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य दो घायलों को भी गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि हादसे की सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। यदि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती, तो घायलों को अस्पताल पहुंचाने में और अधिक देर हो सकती थी।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त इनोवा और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से जुड़ा माना जा रहा है।











