गिरिडीह: सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (SOF) की प्रतिष्ठित ओलंपियाड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। इस वर्ष कुल 26 विद्यार्थियों ने विभिन्न ओलंपियाड में सफलता हासिल की, जबकि पांच छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टॉप-10 में स्थान बनाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड में कक्षा 7 के पार्थ वीरेन, आलोक कुमार साहू, रितेश दास और हर्ष कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा 3 के कर्मन सिंह सलूजा ने इंटरनेशनल इंग्लिश ओलंपियाड में सातवीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा।


विद्यालय के विद्यार्थियों ने गणित और इंग्लिश ओलंपियाड में सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट भी हासिल किए। इसके अलावा 11 छात्रों ने जोनल स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जिसमें सोशल साइंस, हिंदी और इंग्लिश ओलंपियाड शामिल हैं। स्कूल के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने सभी विजेता विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत और विद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराया।












