विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के दौरान गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार स्थित वार्ड संख्या-25 में एक महिला बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ कथित मारपीट और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित BLO रूबी प्रवीण ने आरोप लगाया कि गुरुवार को मतदाता सत्यापन एवं मैपिंग कार्य के दौरान मोहम्मद फैयाज, मोहम्मद अज़ाज़ और मोहम्मद इजाज़ ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और मोबाइल फोन छीन लिया। घटना के विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में BLO नगर थाना पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित आवेदन सौंपा।

BLO कर्मियों ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वे घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन का कार्य कर रहे हैं, लेकिन कुछ स्थानों पर सहयोग नहीं मिलने से कर्मचारियों में भय का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से SIR अभियान में लगे सभी कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं नगर थाना पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











