गिरिडीह। बरमसिया चिल्ड्रेन पार्क में रविवार सुबह दीपक मार्शल आर्ट एकेडमी, गिरिडीह की ओर से कराटे बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिटी न्यूज के निर्देशक एवं वरिष्ठ कराटेकार अभिषेक सहाय ने परीक्षा में सफल हुए बच्चों को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। बेल्ट ग्रेडिंग में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी तकनीकी दक्षता, अनुशासन तथा आत्मरक्षा कौशल का प्रदर्शन किया। परीक्षा में सफल प्रतिभागियों को यलो, ऑरेंज और ग्रीन बेल्ट प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने बच्चों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


दीपक मार्शल आर्ट एकेडमी के संचालक एवं कराटे प्रशिक्षक दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि इस तरह की बेल्ट ग्रेडिंग का उद्देश्य बच्चों की तकनीकी क्षमता का मूल्यांकन कर उन्हें अगले स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि शारीरिक फिटनेस, मानसिक मजबूती और अनुशासन विकसित करने का भी प्रभावी साधन है। कार्यक्रम को सफल बनाने में बच्चों के अभिभावकों का सहयोग सराहनीय रहा। आयोजन के अंत में सभी सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।












