हजारीबाग। हजारीबाग पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब जब्त की है। बरकट्ठा थाना क्षेत्र के झारखंड होटल के समीप पुलिस ने 12 चक्का ट्रक से 935 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसे प्रारंभिक जांच में बिहार तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने शुक्रवार शाम ट्रक संख्या यूके-18 सीए-6133 की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान ट्रक को जब्त कर उसके चालक दलजीत सिंह, निवासी उत्तराखंड, को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।


शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब की खेप बिहार भेजे जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है। हजारीबाग पुलिस का कहना है कि यह जिले में अवैध शराब के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलता है और जांच के आधार पर जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है।











