गिरिडीह। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत शनिवार को गिरिडीह के नया परिसदन भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने की। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता देबू चटर्जी और अब्दुल करीम अंसारी ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक कई प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका आरोप था कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से युवाओं का भरोसा परीक्षा प्रणाली से उठता जा रहा है और दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से छात्रों में निराशा बढ़ी है।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर तत्काल प्रभावी रोक लगाई जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें। उन्होंने बताया कि छात्रों और युवाओं की आवाज बुलंद करने के लिए आगामी 9 जुलाई को दिल्ली में विशाल छात्र जुटान आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में छात्र-युवा भाग लेंगे। प्रेसवार्ता में नरेश वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह, शबीर आलम, मनीर आलम, अशोक विश्वकर्मा, राजेश तुरी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।












