गिरिडीह। ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने गांडेय प्रखंड के बरमसिया-1 पंचायत स्थित रसिकाबदार गांव में वन विभाग द्वारा वनभूमि पर ट्रेंच काटे जाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे गरीब और वनाश्रित परिवारों के अधिकारों के खिलाफ बताया है। पार्टी नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने गांव पहुंचकर आदिवासी एवं आदिम पुजहर जनजाति के लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ उन खेतों का भी निरीक्षण किया, जहां वन विभाग द्वारा ट्रेंच और गड्ढों की खुदाई की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इन खेतों पर उनके पूर्वज वर्षों से खेती करते आए हैं और अब वे खेती को लेकर असमंजस एवं भय की स्थिति में हैं। राजेश यादव ने आरोप लगाया कि वनाश्रितों को वनभूमि का पट्टा नहीं मिलना सरकार की बड़ी विफलता है और इस तरह की कार्रवाई उनके अधिकारों से वंचित करने का प्रयास है।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने गांव की अन्य बुनियादी समस्याएं भी फॉरवर्ड ब्लॉक नेताओं के समक्ष रखीं। ग्रामीणों के अनुसार, घर-घर नल-जल योजना के तहत टंकी बनने के बावजूद अब तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। वहीं कई परिवारों के राशन कार्ड में सदस्यों के नाम नहीं जुड़े हैं और राशन लेने के लिए दूर के गांव जाना पड़ता है। राजेश यादव ने कहा कि यदि वनाश्रितों की जमीन और अधिकारों की अनदेखी जारी रही तो पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी। उन्होंने ग्रामीणों से संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया तथा 30 जून को हूल दिवस के अवसर पर आयोजित फॉरवर्ड ब्लॉक के गांडेय प्रखंड सम्मेलन में शामिल होने की अपील की।












