गिरिडीह जिले में निषिद्ध मादक पदार्थों के खिलाफ राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान को तेज करते हुए जिला प्रशासन ने नशा मुक्ति को लेकर व्यापक अभियान शुरू किया है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक और एलईडी प्रचार वाहन के माध्यम से गांव-गांव लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कलाकार गीत, संवाद और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को बता रहे हैं कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर खतरा है। अभियान के तहत ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, आर्थिक, मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी जा रही है।


वहीं एलईडी प्रचार वाहन के माध्यम से लघु फिल्में और जनहित संदेश दिखाकर लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। “नशा छोड़े, परिवार जोड़े”, “नशामुक्त गांव-समृद्ध गांव” और “स्वस्थ युवा-सशक्त राष्ट्र” जैसे संदेशों के जरिए जागरूकता फैलाई जा रही है। उपायुक्त रामनिवास यादव ने इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील करते हुए कहा कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही नशामुक्त गिरिडीह और नशामुक्त झारखंड का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।












