Aba News

निर्जला महा एकादशी को लेकर राजदह धाम में प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने तैयारियों का लिया जायजा

गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल राजदह धाम में आयोजित होने वाले निर्जला महा एकादशी महापर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बगोदर-सरिया अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने गुरुवार को राजदह धाम पहुंचकर मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, पार्किंग स्थल तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि महापर्व के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रशासन की ओर से मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल, दंडाधिकारी, अग्निशमन दल और मेडिकल टीम की तैनाती की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। वहीं राजदह धाम समिति के अध्यक्ष सुरेश भारती ने बताया कि महापर्व को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। निर्जला महा एकादशी के अवसर पर यहां विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा। प्रशासन और समिति की संयुक्त तैयारियों से इस वर्ष भी पर्व के शांतिपूर्ण एवं भव्य आयोजन की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें