गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडारी पंचायत के गादी गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान गादी निवासी संदीप अग्रवाल की पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार काजल कुमारी का शव उसके घर के कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि काजल की हत्या ससुराल वालों ने मिलकर किया है। वहीं घटना के बाद पति को छोड़कर ससुराल पक्ष के अन्य लोग घर छोड़कर फरार हो गए। मृतका की बहन मोदिता ने बताया कि उन्हें फोन पर काजल की मौत की सूचना मिली थी। ससुराल पहुंचने पर उन्होंने काजल को मृत अवस्था में पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके जीजा का किसी अन्य महिला से बातचीत होती थी, जिस कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और झगड़ा होता रहता था। उन्होंने आशंका जताई कि इसी वजह से उनकी बहन की जान गई है। मृतका अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है। वहीं मृतका के पति संदीप अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह घर से बाहर गया हुआ था और उसे इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। इधर सूचना मिलने पर तिसरी थाना प्रभारी प्रभु नन्द ईश्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में कर जांच शुरू कर दिया है।













