गिरिडीह जिले के बजटो गांव में गोलगप्पा खाने से फैले फूड प्वाइजनिंग मामले में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने सक्रियता दिखाते हुए सदर अस्पताल पहुंचकर भर्ती बच्चों और अन्य मरीजों का हालचाल जाना। विधायक ने डॉक्टरों से मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और परिजनों को बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी प्रभावितों को समुचित उपचार मिले और किसी तरह की लापरवाही न हो। घटना में दर्जनों लोग बीमार हुए थे, जबकि इलाज के दौरान एक मासूम की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। विधायक ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

विधायक कल्पना सोरेन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। इधर जिला प्रशासन भी पूरे मामले की जांच में जुटा है और प्राथमिक तौर पर इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला माना जा रहा है। इस घटना के बाद खुले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं, जबकि लोगों ने सख्त नियंत्रण की मांग तेज कर दी है।













