गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के कोल्डीहा में हुए सड़क हादसे में घायल मो. नियाज अंसारी की इलाज के दौरान मौ;त के बाद सोमवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात ठप रहा। सूचना मिलने पर प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, लेकिन लोग मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर डटे रहे। स्थिति तब सामान्य हुई जब सुदिव्य कुमार सोनू खुद मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उचित मुआवजा व कार्रवाई का भरोसा दिया।

घटना के दौरान वार्ड पार्षद नूरुल होदा ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया, जिसे मंत्री ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित एसआई के निलंबन और जांच अधिकारी बदलने के निर्देश दिए। परिजनों का आरोप है कि तेज रफ्तार बाइक सवार ने रोंग साइड से टक्कर मारी और पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया। मंत्री ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और आवागमन बहाल हो सका।












