Aba News

खोरीमहुआ-कोडरमा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक-कार की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल, महिला की हालत नाजुक, पांच वर्षीय बच्चा सुरक्षित बचा, इलाके में मची अफरा-तफरी

गिरिडीह। खोरीमहुआ-कोडरमा मुख्य मार्ग पर धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत गरजासारण गांव के समीप शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। ट्रक और कार की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, गिरिडीह निवासी अविनाश कुमार (35), कृष कुमार (32) और प्रेरणा कुमारी कोडरमा से लॉ की परीक्षा देकर स्विफ्ट डिजायर कार से अपने घर लौट रहे थे। कार में एक पांच वर्षीय बच्चा भी सवार था, जो इस हादसे में चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। घटना में घायल प्रेरणा कुमारी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही कार गरजासारण गांव के समीप पहुंची, सामने से आ रहा सीमेंट लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर अपनी लेन से हट गया और कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों सहयोग से सभी घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल, राजधनवार पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता तुलसी पासवान ने घायलों के परिजनों से संपर्क कर बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।

इधर घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें