गिरिडीह। जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत चपूआडीह मुंडहरी मोड़ पर दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो लोगों को मामूली चोट आई है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार एक कार देवघर से गिरिडीह की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो को हल्की चोटें आई हैं। सभी को सदर अस्पताल भेजा गया है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर कब्जे में ले लिया गया है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।











