गिरिडीह उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं इंडस्ट्रियल इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उपायुक्त ने CSR के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली और शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, पोषण एवं कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में योजनाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि CSR गतिविधियां पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संचालित हों तथा इसका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचे। उन्होंने इंडस्ट्रियल इकाइयों से समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। स्कूलों में स्मार्ट क्लास, अस्पतालों में उपकरण, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और पौधारोपण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। बैठक में प्रशासन और उद्योगों के बेहतर समन्वय से जिले के समग्र विकास का लक्ष्य तय किया गया।













