गिरिडीह सलूजा गोल्ड कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिक्स द्वारा 16 मार्च को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस उत्साह और जागरूकता के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर मोतीलेदा गांव में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कॉलेज के छात्रों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर टीकों के लाभ, संक्रामक रोगों की रोकथाम तथा बच्चों और वयस्कों के लिए समय पर टीकाकरण की आवश्यकता के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

अभियान के दौरान छात्रों और संकाय सदस्यों ने लोगों को निर्धारित टीकाकरण कार्यक्रम का पालन करने के लिए प्रेरित किया तथा टीकों से जुड़ी भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर किया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनस्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाते हुए स्वस्थ समाज का निर्माण करना था। कॉलेज के निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने छात्रों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी समाजहित में ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।












