गिरिडीह गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य की अंग्रेजी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चंद्रेरी–पलमटांड़ रोड स्थित चंद्रेरी देवी मंडप के पास छापेमारी की, जहां सफेद रंग की कार (JH-01AX-5216) की जांच के दौरान भारी मात्रा में शराब मिली। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।

छापेमारी में कार से 33 कार्टन में कुल 792 बोतल (375 एमएल) Royal Stag अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के जमुई निवासी सुमित कुमार (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब लदी कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा तिसरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।












