गिरिडीह तेलोडीह गांधी मैदान, कोड़वाडीह (तेलोडीह) में नौजवान कमिटी द्वारा आयोजित भव्य इफ्तार दावत में हजारों रोजेदारों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी ने भाईचारे और एकता की मिसाल पेश की। कार्यक्रम में जेएमएम युवा मोर्चा के सचिव फरदीन अहमद, स्थानीय मुखिया शब्बीर आलम, मुखिया प्रतिनिधि मुमताज अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष अनवर अंसारी, पंचायत समिति सदस्य शमशाद अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी शामिल हुए। सभी ने रोजेदारों के साथ इफ्तार कर आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

इफ्तार के बाद गांधी मैदान में सामूहिक रूप से मगरिब की नमाज अदा की गई और देश-प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली एवं आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ मांगी गई। हजारों लोगों की मौजूदगी के बावजूद नौजवान कमिटी का प्रबंधन अनुशासित और सराहनीय रहा। आयोजन की सफाई व्यवस्था और मेहमाननवाजी की लोगों ने जमकर प्रशंसा की। कार्यक्रम ने समाज में प्रेम, इंसानियत और एकता का मजबूत संदेश दिया।











