गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न टैक्सों का भुगतान नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही में निगम प्रशासन होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस शुल्क और पानी का बकाया जमा नहीं करने वालों से राशि वसूलने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। इस संबंध में उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक ने अपने कार्यालय में कर्मियों के साथ बैठक कर बकायेदारों से जल्द से जल्द बकाया राशि वसूली करने का निर्देश दिया।

बैठक में बताया गया कि इस तिमाही में नगर निगम ने 7 करोड़ 35 लाख रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य रखा है, जिसमें करीब 6 करोड़ रुपये अब तक प्राप्त हो चुके हैं। शेष बकाया राशि वसूलने के लिए निगम प्रशासन मजिस्ट्रेट और पुलिस फोर्स की प्रतिनियुक्ति कर विशेष अभियान चलाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जो लोग समय पर बकाया राशि जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











