गिरिडीह/बिरनी- भरकट्टा पुलिस को लूट कांड के उद्भेदन में बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को भरकट्टा ओपी परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस ने दो अपराधियों की गिरफ्तारी का खुलासा किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में पचंबा थाना क्षेत्र के जगपतारी निवासी सद्दाम अंसारी और सरिया थाना क्षेत्र के पावापुर निवासी सुरेश यादव शामिल हैं। पुलिस के अनुसार 7 जनवरी की रात कल्याणपुर जंगल में पिकअप वैन चालक के साथ मारपीट कर उसका वाहन और मोबाइल लूट लिया गया था। इस संबंध में चालक चंद्रशेखर महतो के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के लिए एसडीपीओ धनंजय राम के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर 23 जनवरी को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई पिकअप वैन और मोबाइल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने दर्जनों बाइक चोरी और अवैध शराब तस्करी के लिए वाहन लूट की बात स्वीकार की है।












