गिरिडीह – गणतंत्र दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उपायुक्त रामनिवास यादव और सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्पुते ने अधिकारियों की टीम के साथ गिरिडीह झंडा मैदान पहुंचकर व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान मैदान की साफ-सफाई, रंग-रोगन, परेड ग्राउंड की तैयारी, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और पार्किंग सुविधा का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि तय समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी की जाएं, ताकि समारोह भव्य, अनुशासित और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।

एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते ने परेड ग्राउंड और दर्शकदीर्घा की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए ट्रैफिक व पार्किंग को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। समारोह में परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां मुख्य आकर्षण होंगी।













