बेंगाबाद (गिरिडीह) – ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के बेंगाबाद प्रखंड के प्रथम सम्मेलन में शहादत दिवस के अवसर पर कॉमरेड महेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जन मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए गिरिडीह जिला संयोजक राजेश यादव ने कहा कि सरकार की जन विरोधी नीतियों और सत्ता-शासन के साथ समझौता नहीं, बल्कि उसके खिलाफ संघर्ष ही कॉमरेड महेंद्र सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि आज केंद्र और झारखंड सरकार की नीतियों से आम जनता त्रस्त है और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के समाजवादी भारत के सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष जरूरी है।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव अरुण कुमार मंडल ने आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया। इस दौरान 21 सदस्यीय प्रखंड कमेटी का गठन किया गया और 17 सूत्री मांग पत्र के समर्थन में जन अधिकार मार्च निकालकर उपायुक्त गिरिडीह को ज्ञापन सौंपा गया।













