Aba News

जरासंघ चौक पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से सिरसिया निवासी की मौत, अज्ञात चालक फरार

गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के जरासंघ चौक के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिरसिया गांव निवासी 46 वर्षीय मुकेश बर्मन की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मुकेश बर्मन टोटो से किसी काम से गिरिडीह आ रहे थे। जरासंघ चौक के पास टोटो से उतरकर सड़क किनारे टॉयलेट करने के दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया, जबकि मुकेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सदर अस्पताल गिरिडीह पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही अज्ञात बाइक चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें