गिरिडीह के पारसनाथ मकर संक्रांति मेले में गुरुवार को आस्था और उत्साह का अद्भुत मिश्रण देखने को मिला। झारखंड के गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और आसपास के जिलों से लाखों श्रद्धालुओं ने पारसनाथ पर्वत की ओर रवानगी दी। सुबह से ही सड़कों पर लंबी कतारें लगी रहीं, श्रद्धालुओं ने मकर संक्रांति की विशेष पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मेला समिति और स्थानीय प्रशासन ने भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिनभर मुस्तैद रहकर यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित की।

श्रद्धालुओं ने पर्वत यात्रा के बाद मेला स्थल का भी आनंद लिया। मेले में चाट, चावमिन, मिठाई जैसी खाने-पीने की दुकानों के साथ-साथ बच्चों और युवाओं के लिए आकर्षक झूले और मनोरंजन के कार्यक्रम भी लगाए गए। मकर संक्रांति पर्व पर पारसनाथ का यह मेला न केवल धार्मिक बल्कि सांस्कृतिक महत्व का केंद्र बन गया, जिसने पूरे क्षेत्र में उत्सव और उमंग की लहर दौड़ा दी।













