गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चिचाकी गांव में एक मामूली घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक वृद्ध की जान चली गई। घटना में चिचाकी निवासी 57 वर्षीय भुनेश्वर रविदास की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, भुनेश्वर रविदास के मंझले बेटे की बहू के साथ किसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर बहू ने अपने मायके पक्ष को सूचना दी, जिसके बाद डुमरी से उसके परिजन गांव पहुंचे और आरोप है कि घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान भुनेश्वर रविदास गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे योगेंद्र दास ने बहू के मायके पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए लिखित आवेदन दिया है। सरिया एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।












