नव वर्ष के अवसर पर गिरिडीह का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खंडोली सैलानियों से पूरी तरह गुलजार रहा। नए साल का जश्न मनाने के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों के साथ-साथ धनबाद, बोकारो, हजारीबाग और कोडरमा समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। सुबह से ही खंडोली मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं और पूरा इलाका उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ों और हरियाली के बीच पर्यटकों ने परिवार व दोस्तों के साथ पिकनिक का आनंद लिया।

पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बोटिंग, घुड़सवारी और बच्चों के लिए बने पार्क व झूले रहे। झील में विचरण करते साइबेरियन पक्षियों ने सैलानियों को खासा रोमांचित किया। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। भारी संख्या में पुलिस बल, सिविल ड्रेस में जवान, लोकल मछुआरे और प्रशिक्षित गोताखोर तैनात किए गए थे। प्रशासन की सतर्कता से पूरे दिन शांति बनी रही। पर्यटकों की आमद से स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों को भी अच्छा लाभ हुआ, जिससे खंडोली एक बार फिर गिरिडीह की पर्यटन पहचान को मजबूत करता दिखा।













