गिरिडीह जिले के नवडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत गादीखुर्द गांव में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शराब से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया और चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता से ट्रक को मौके पर ही रोक लिया गया।

जानकारी के अनुसार ट्रक में कुल 550 पेटी शराब लदी हुई थी। भागने के दौरान ट्रक ने गांव के अंदर तीन बिजली के खंभों को टक्कर मार दी, जिससे वे गिर गए और एक घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। सौभाग्य से इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना मिलते ही नवडीहा थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं बिजली विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है। शराब की खेप के स्रोत और गंतव्य की जांच जारी है।













