गिरिडीह झारखंड नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (जरेडा) की ओर से गिरिडीह के एक होटल में ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में ऊर्जा की बचत, कुशल उपयोग और शहरी क्षेत्रों में बिजली की खपत कम करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर प्रशासक प्रशांत कुमार लायक ने बताया कि निकाय क्षेत्र में बिजली की बढ़ती खपत को कैसे कम किया जाए, इस पर मंथन हुआ और दैनिक उपयोग में ऊर्जा बचत को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में इन उपायों को धरातल पर उतारने का निर्णय लिया गया है।

वक्ताओं ने बताया कि नगरपालिका मांग पक्ष प्रबंधन कार्यक्रम शहरी क्षेत्रों में तेजी से बढ़ती ऊर्जा मांग, जनसंख्या वृद्धि और शहरीकरण से उत्पन्न चुनौतियों का समाधान करता है। यह कार्यक्रम ऊर्जा दक्षता ब्यूरो द्वारा शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य नगरपालिका संचालन में ऊर्जा दक्षता बढ़ाना, बिजली खपत घटाना, संचालन लागत कम करना और शहरी व्यवस्था को बेहतर बनाना है। कार्यशाला में शहरी स्थानीय निकायों की समग्र ऊर्जा दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। मौके पर जरेडा के अधिकारी, सहायक प्रबंधक अशोक हांसदा सहित कई कर्मचारी उपस्थित थे।












