गिरिडीह। गिरिडीह डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन का बहुचर्चित चुनाव आज सुबह 9 बजे से शुरू हो गया है। मतदान शुरू होते ही प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं और पूरे परिसर में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। 16 पदों के लिए कुल 43 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 825 वोटर करने वाले हैं। मतदान से पहले भी कई प्रत्याशी जातीय समीकरणों और व्यक्तिगत संपर्कों के जरिए वोटरों को साधने में जुटे देखे गए।



सबसे रोचक मुकाबला अध्यक्ष और महासचिव पद पर देखने को मिल रहा है। अध्यक्ष पद पर प्रकाश सहाय, सुखदेव भाष्कर और मो. शहवाज के बीच त्रिकोणीय मुकाबला बन गया है। वहीं महासचिव पद पर निवर्तमान महासचिव चुन्नूकांत, अजय सिन्हा (मंटू), दशरथ प्रसाद और उमेश चंद्र त्रिवेदी के बीच कांटे की टक्कर है। उपाध्यक्ष पद के लिए विशाल आनंद (विक्की) और बालगोविंद साहू के बीच सीधी भिड़ंत है। अन्य पदों—संयुक्त सचिव प्रशासन, संयुक्त सचिव लाइब्रेरी, कोषाध्यक्ष और एग्जीक्यूटिव मेंबर—पर भी कई उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। शाम तक परिणाम आने की उम्मीद है और फिलहाल बार एसोसिएशन का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा हुआ है।












