जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज गांवा प्रखंड के प्लस टू उच्च विद्यालय, पिहरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं की पढ़ाई की गुणवत्ता, बुनियादी सुविधाएं, कक्षाओं की स्थिति, पेयजल उपलब्धता, स्वच्छता, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, बाउंड्री वॉल सहित विद्यालय प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उपायुक्त बच्चों के साथ बैठकर खिचड़ी भी खाई और भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की।

उन्होंने पूरे कैंपस का अवलोकन करते हुए साफ-सफाई, परिसर सौंदर्यीकरण और पौधारोपण में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर कक्ष, रसोई घर, सीआरसी भवन सहित विद्यालय की सभी इकाइयों को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। उपायुक्त ने बच्चों को अनुशासन, नियमित व्यायाम और रूटीन वर्क के प्रति प्रेरित किया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सुविधाएं बिना किसी कमी के सुनिश्चित की जाएं, ताकि उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने गांवा प्रखंड तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं और संसाधनों की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की रोस्टरवार उपस्थिति की जानकारी सुनिश्चित की।












