गिरिडीह जिले के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए एक राहतभरी खबर सामने आई है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड, रांची के पत्रांक-2176 दिनांक 13 जून 2025 के निर्देश के अनुसार 21 जून को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों को खुला रखने का आदेश दिया गया था। इस आदेश के बाद विभिन्न शिक्षक संगठनों ने उस दिन के बदले क्षतिपूरक अवकाश की मांग उठाई थी। अब उपायुक्त गिरिडीह की सहमति से इस मांग को स्वीकार करते हुए जिले के सभी श्रेणी के सरकारी एवं गैर-सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को 21 जून के अवकाश के बदले 25 अक्टूबर 2025 को स्थानीय/सामान्य या क्षतिपूरक अवकाश की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे शिक्षकों एवं विद्यार्थियों दोनों को कार्य से थोड़ी राहत मिलेगी और वे त्योहारी माहौल में विश्राम का आनंद ले सकेंगे।












