गिरिडीह के बद्री नारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव ने विद्यालय परिसर को भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर कर दिया। हवन-यज्ञ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाले आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। ‘अन्याय पर न्याय की जीत’ तथा ‘नारी सशक्तिकरण’ जैसे संदेशों से भरे नृत्य और भाषणों ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर डांडिया और गरबा नृत्य प्रतियोगिता ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया, वहीं भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

तीन दिवसीय अंतर सदनीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें दयानंद हाउस ने हंसराज हाउस को रोमांचक मुकाबले में हराकर खिताब जीता। विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल भारतीय सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करती हैं बल्कि छात्रों में नैतिकता, श्रद्धा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और दुर्गा पूजा महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।












