धनबाद के भूली बी ब्लॉक में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। तिरुपति बालाजी मंदिर की थीम पर तैयार किया जा रहा 110 फीट ऊंचा पूजा पंडाल अचानक तेज बारिश और हवा की वजह से धराशायी हो गया। इस पंडाल के निर्माण पर लगभग 9.5 लाख रुपए की लागत आई थी, लेकिन पूरी संरचना देखते ही देखते जमींदोज हो गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के समय पंडाल के भीतर श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं थी, वरना यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था। समिति ने तुरंत पंडाल को हटाने का काम शुरू कर दिया है और अब पूजा की आगे की व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पंडाल के फाउंडेशन में पहले से ही कमजोरी थी, जिस पर लगातार हो रही बारिश ने और चोट पहुंचाई। प्रत्यक्षदर्शी मिथिलेश पासवान ने कहा कि यदि यह हादसा सप्तमी या अष्टमी जैसे भीड़भाड़ वाले दिनों में होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। वहीं, शहर के अन्य इलाकों जैसे मटकुरिया और सरायढेला में बने लाइट गेट भी बारिश और हवा के कारण गिर गए, हालांकि वहां भी कोई हताहत नहीं हुआ। इस घटना ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा इंतजाम और संरचनाओं की मजबूती को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।












